G20 शिखर सम्मेलन में भाग लेंगे प्रधानमंत्री मोदी

 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज से शुरू हो रहे 15वें G20 शिखर सम्मेलन में भाग लेंगे। इस दो दिवसीय शिखर सम्मेलन की अध्यक्षता सऊदी अरब द्वारा की जाएगी। इसकी थीम  और विषय “Realising the Opportunities of the 21st Century for All” है। यह बैठक एक वर्चुअल फॉर्मेट  में आयोजित की जाएगी। यह शिखर सम्मेलन इस वर्ष, जी-20 नेताओं की दूसरी बैठक है।

मुख्य बिंदु

इस G20 शिखर सम्मेलन का फोकस COVID-19 से एक समावेशी, लचीली और सतत रिकवरी पर होगा। इस शिखर सम्मेलन के दौरान, नेता महामारी की तैयारियों और नौकरियों को बहाल करने के तरीकों और साधनों पर चर्चा करेंगे।

इस वर्ष मार्च में अंतिम G20 असाधारण नेता सम्मेलन आयोजित किया गया था, जहाँ नेताओं ने COVID-19 महामारी के प्रसार को रोकने में मदद करने के लिए एक वैश्विक समन्वित प्रतिक्रिया बनाने पर बल दिया था।

भारत सऊदी अरब के साथ G20 ट्रोइका में प्रवेश करेगा, जब इटली इस साल 1 दिसंबर को G20 की अध्यक्षता ग्रहण करेगा।

जी-20

जी-20 सरकारों व केन्द्रीय बैंकों का एक अंतर्राष्ट्रीय फोरम है, इसमें विश्व के सभी बड़ी अर्थव्यवस्थाएं शामिल हैं। जी-20 का गठन 26 सितम्बर, 1999 को किया गया था। इसका उद्देश्य सदस्य देशों को वैश्विक अर्थव्यवस्था के मुख्य बिन्दुओं व समस्याओं पर चर्चा करने के लिए एकत्रित करना है। जी-20 समूह के सदस्य इस प्रकार हैं : अर्जेंटीना, ऑस्ट्रेलिया, ब्राज़ील, कनाडा, चीन, फ्रांस, जर्मनी, भारत, इंडोनेशिया, इटली, जापान, मेक्सिको, रूस, सऊदी अरब, दक्षिण अफ्रीका, दक्षिण कोरिया, तुर्की, यूनाइटेड किंगडम, अमेरिका और यूरोपियन संघ।

सऊदी अरब

सऊदी अरब पश्चिम एशिया में स्थित एक इस्लामिक राष्ट्र है, इसका क्षेत्रफल 21,49,690 वर्ग किलोमीटर है। यह एक सुन्नी इस्लामिक देश है। सऊदी अरब की सीमा उत्तर में जॉर्डन तथा इराक, उत्तर पूर्व में कुवैत, पूर्व में क़तर, बहरीन तथा संयुक्त अरब अमीरात, दक्षिण-पूर्व में ओमान तथा दक्षिण में यमन से लगती है। सऊदी अरब की अर्थव्यवस्था मध्य पूर्व की सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था तथा विश्व की 18वीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है। सऊदी अरब की मुद्रा रियाल है।